चरखी दादरी में आयोजित राज्यस्तरीय शतरंज स्पर्धा के विजेता प्रतिभागी डीईओ वीरेंद्र नारा और कोच के साथ। स्रोत : विभाग
- चरखी दादरी में आयोजित 58वीं राज्यस्तरीय स्कूली खेल स्पर्धा के तहत आयोजित हुई 3 दिवसीय शतरंज चैंपियनशिप, सोनीपत और पानीपत का प्रदर्शन भी रहा सराहनीय
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। दादरी में 58वीं राज्यस्तरीय स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता के तहत आयोजित शतरंज चैंपियनशिप का बुधवार को समापन हो गया। अंडर-14, 17 और 19 आयुवर्ग में 22 जिलों के छात्र-छात्रा शामिल हुए।
लड़कियों के अंडर-19 आयुवर्ग में गुरुग्राम ने पहला, सोनीपत ने दूसरा और फरीदाबाद ने तीसरा स्थान हासिल किया। लड़कों के इस आयुवर्ग में गुरुग्राम पहले, पानीपत दूसरे और सोनीपत तीसरे स्थान पर रहा। लड़कियों के अंडर-17 आयुवर्ग में गुरुग्राम प्रथम, पानीपत द्वितीय व फतेहाबाद तृतीय रहा। लड़कों के इस आयुवर्ग में हिसार पहले, फरीदाबाद दूसरे और गुरुग्राम तीसरे स्थान पर रहा।
लड़कियों के अंडर-14 आयुवर्ग में फतेहाबाद प्रथम, गुरुग्राम दूसरे और पानीपत तीसरे स्थान पर रहा। वहीं, लड़कों के इस आयुवर्ग में फरीदाबाद ने पहला, हिसार ने दूसरा और सोनीपत ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
बरसाना गांव स्थित कैप्टन जिले सिंह स्कूल में आयोजित स्पर्धा के समापन अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र नारा ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत कर विजेताओं को प्रमाणपत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर एईओ प्रदीप सांगवान और एईईओ सुनील कुमार भी मौजूद रहे।