अमनीत कुमार के समर्थन में उतरी आईएएस एसोसिएशन
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा आईएएस अधिकारी एसोसिएशन ने वाई पूरण कुमार के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है। एसोसिएशन ने अमनीत पी कुमार को समर्थन देते हुए चंडीगढ़ पुलिस और हरियाणा सरकार से आग्रह किया है कि वे अमनीत कुमार की मांगों को पूरा करें और इस पूरे मामले की गंभीरता, संवेदनशीलता और परिस्थितियों की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई करें।
एसोसिएशन ने कहा कि इस दुख की घड़ी में वे अमनीत के परिवार के साथ एकजुट होकर खड़े हैं। एसोसिएशन ने कहा कि रोहतक में जिस एफआईआर की वजह से यह घटना हुई है उसकी भी निष्पक्ष, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से जांच की जानी चाहिए। एसोसिएशन ने हरियाणा सरकार से अनुरोध किया है कि वह अमनीत कुमार और उनके परिवार को इस गहन व्यक्तिगत क्षति और संकट की घड़ी में हरसंभव सुरक्षा, कानूनी सहायता, संस्थागत समर्थन और अन्य आवश्यक सहायता प्रदान करे।
बैठक के दौरान कुछ आईएएस ने डीजीपी के खिलाफ गुस्सा भी निकाला। उनका कहना था कि आईपीएस अफसर अपनी शक्तियों का गलत इस्तेमाल करते हैं। जब चाहे वे आईएएस अफसरों को उठा लेते हैं। इससे अधिकारियों में डर है और वे काम भी नहीं कर पा रहे हैं। एक अधिकारी ने बताया कि इनमें ज्यादातर वे लोग बोल रहे थे जिनके खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो में रहते हुए शत्रुजीत कपूर ने कार्रवाई की थी। कुछ ने यह भी कहा कि जिन कुर्सियों पर आईएएस को बैठना चाहिए वहां भी आईपीएस अफसरों को बैठाया गया है। सरकार को इन्हें हटाना चाहिए।