-नोएडा एयरपोर्ट के रनवे, टर्मिनल भवन, एटीसी टावर समेत सड़कों का किया दौरा, जल्द फिनिशिंग कार्य पूरा करने के दिए निर्देश
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का मंगलवार को सीईओ यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण राकेश कुमार सिंह ने परिसर में चल रहे फिनिशिंग कार्यों का जायजा लिया। मुख्य विकास अधिकारी ने एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन, एटीसी टावर समेत परिसर की सड़कों और स्वच्छता कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने एनआईए और परियोजना की कार्यकारी एजेंसी, टाटा प्रोजेक्ट्स के अधिकारियों से मिलकर सभी निर्माण कार्याें के फिनिशिंग वर्क को समय-सीमा के अंदर खत्म करने का निर्देश भी दिया।
राकेश सिंह ने परियोजना की कार्यकारी एजेंसी, यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड के अधिकारियों और निर्माण कार्यों में लगे टाटा प्रोजेक्ट्स के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर समीक्षा की। सीईओ ने हवाई अड्डे के निर्माण कार्य की प्रगति और एयरोड्रम लाइसेंस मिलने के बारे में भी बात की। साथ ही निर्माण कार्य में गुणवत्ता नियंत्रण मानकों का पालन, निर्माण कार्य की प्रगति और सुरक्षा व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर बात करते हुए अधिकारियों को परियोजना को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने एयरपोर्ट के यात्री टर्मिनल भवन, एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर और संपर्क सड़कों के निर्माण कार्य का विस्तृत निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सीईओ को आश्वस्त किया कि निर्माण कार्य निर्धारित योजना के अनुसार चल रहा है।
सीएम के आने से पहले गोलचक्कर और स्वच्छता पर दिया जोर
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन प्रधानमंत्री करेंगे। इससे पहले सीएम इसका निरीक्षण करने जल्द आ रहे हैं। पिछले दौरे में सीएम ने ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे उतरते समय एयरपोर्ट कनेक्टिंग पर स्थित गोलचक्कर को सुंदर बनाने और उद्घाटन से पहले स्वच्छता पर जोर दिया था। सीईओ राकेश कुमार सिंह ने इन दोनों विषयों पर भी अधिकारियों को कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।