मुरादाबाद। डीएम ने केंद्र प्रभारियों से धान खरीद में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। हिदायत दी कि केंद्र पर किसानों के बैठने और पेयजल की व्यवस्था ठीक होनी चाहिए। किसानों की गाड़ी के धान की शीघ्र तौल कर खाली करने की कोशिश रहनी चाहिए।
डीएम अनुज सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में रविवार को धान खरीद के संबंध में समीक्षा बैठक की। इस दौरान अधीनस्थ अधिकारियों के साथ केंद्रों पर किसानों के लिए बेहतर सुविधा, धान की सुरक्षा, सत्यापन, पंजीकरण, किसान के भुगतान आदि पर विस्तृत चर्चा की गई। डीएम ने हिदायत दी कि केंद्र प्रभारियों को प्रत्येक क्रय केंद्र पर अपनी व्यवस्था बेहतर रखना होगा। किसी किसान के आने पर यथाशीघ्र उसके धान की तौल कराकर गाड़ी खाली कराना होगा ताकि किसान को अनावश्यक लंबा इंतजार न करना पड़े। यदि केंद्र पर अधिक भीड़ होने पर टोकन निर्गत किया जाना चाहिए। यदि कोई किसान बिना सत्यापन कराए आता है तो तत्काल तहसील प्रशासन से संपर्क कर उसका हाथों हाथ सत्यापन कराया जाना चाहिए। इसके बाद नियमानुसार धान क्रय करना होगा। सत्यापन में किसी प्रकार की गड़बड़ी प्रदर्शित होने पर उसको तत्काल तहसील प्रशासन भेजना होगा। प्रत्येक दशा में किसानों से अच्छा व्यवहार किया जाना चाहिए। किसानों को धान क्रय के बारे में समुचित जानकारी देना होगा। क्रय किए गए धान का शेड, तिरपाल या गोदाम में भंडारण किया जाना चाहिए। मौसम को ध्यान में रखते हुए किसी प्रकार धान खुला नहीं रखा जाना चाहिए। बाहर यदि धान का स्टॉक लगा हो तो उसको तत्काल मिल के लिए प्रेषण करें। किसानों से लेबर चार्ज आदि के नाम पर किसी तरह से पैसे की वसूली की शिकायत मिलने पर दंडात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए। दो दिवस के भीतर किसानों का भुगतान होना चाहिए। कम खरीद करने वाले क्रय प्रभारी अपनी प्रगति बढ़ाएं। किसानों से व्यक्तिगत संपर्क करें। केंद्र पर तौल की क्षमता के अनुसार मजदूर की उपलब्धता होनी चाहिए। केंद्र पर नियुक्त हैंडलिंग और परिवहन ठेकेदार के साथ कड़ाई करना होगा। बिलारी, कांठ, मुरादाबाद मंडी क्षेत्रों में किसानों के तौल में विलंब होने संबंधी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। इसमें सुधार करना होगा। जिले को 103000 टन की तुलना में अब तक 39153 टन की खरीद हुई है। क्रय किए गए धान का 80 प्रतिशत धान मिलों को प्राप्त करा दिया गया है। डीएम ने धान केंद्र ठाकुरद्वारा चतुर्थ, पंचम, बफर गोदाम द्वितीय, प्रथम, मानपुर साबित, मुरादाबाद मंडी आदि केंद्र पर किसानों के भुगतान में विलंब होने पर क्रय प्रभारी को तेजी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में
जिला खाद्य विपणन अधिकारी, सहायक निबंधक सहकारिता, समस्त क्रय केंद्र प्रभारी , क्रय एजेंसी के जिला प्रबंधक आदि मौजूद थे।