सीसीटीवी फुटेज और दो बदमाशों के स्केच जारी
ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 थानाक्षेत्र में पी-सेक्टर स्थित इंडियन बैंक की शाखा में दिनदहाड़े लूटपाट करने वाले तीन बदमाश लाल रंग की बाइक से फरार हुए थे। बदमाश यथार्थ अस्पताल की ओर से आए थे और वारदात के बाद गलगोटिया अंडरपास की ओर भाग गए। मास्क के साथ कैप लगाए और बैग टांगे आरोपियों की सीसीटीवी फुटेज पुलिस ने जारी की है। दो बदमाशों के स्केच जारी कर पुलिस पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है।
हथियारबंद बदमाशों ने मंगलवार दोपहर बाद 3.06 बजे तीन पी-2 सेक्टर स्थित शॉपिंग कांप्लेक्स की पहली मंजिल पर इंडियन बैंक की शाखा में धावा बोला था। इसके बाद बदमाशों ने कैशियर आयुषि से 2.16 लाख और कोल्डड्रिंक कारोबारी अंकुश से 1.74 लाख रुपये लूट लिए थे। बदमाश कैश काउंटर के बॉक्स तक नहीं पहुंच पाए। इससे बैंक के लाखों रुपये बच गए थे। बदमाशों ने हथियार के बल पर सात मिनट तक बैंक में लूटपाट की। इस दौरान सुरक्षाकर्मी ने भाग रहे बदमाशों पर फायर भी किया था, लेकिन गोली दीवार में जा लगी। वहीं, बदमाशों ने तमंचे की बट मारकर सुरक्षाकर्मी को घायल कर दिया था, लेकिन उसकी बंदूक नहीं ले गए। इस कारण से पुलिस ने सुरक्षाकर्मी से भी पूछताछ की है। हालांकि, घायल होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
40 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ
पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए हजारों मोबाइल नंबरों की पड़ताल और 40 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की है। साइबर सेल और सर्विलांस टीम आरोपियों की पहचान और पता लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने बैंककर्मियों के अलावा आसपास काम करने वाले कर्मियों और मजदूरों से भी पूछताछ की है। वहीं, लाल रंग की बाइकों के संबंध में आरटीओ दफ्तर से भी जानकारी मांगी गई है।
सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गुप्त
डीसीपी ग्रेटर नोएडा राजेश कुमार सिंह ने बताया कि लाल रंग की बाइक से तीनों बदमाश यथार्थ अस्पताल की ओर से बैंक पहुंचे। आशंका है कि बदमाश कोल्डड्रिंक कारोबारी का पीछा करते हुए बैंक पहुंचे हों। वारदात के बाद सीसीटीवी फुटेज में बदमाश गलगोटिया अंडरपास की ओर भागते हुए दिखाई दिए हैं। लाल रंग की बाइकों के संबंध में आरटीओ से जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपियों के फुटेज जारी कर दिए गए हैं। कोई भी बदमाशों के संबंध में जानकारी दे सकता है। सूचना देने वालों की पहचान गुप्त रखी जाएगी। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया जाएगा।