-सीबीएसई छात्रों के लिए आयोजित करेगा स्किल एक्सपो व गाइडेंस फेस्टिवल
-एआई, रोबोटिक्स, डेटा साइंस, जीनोमिक्स के कौशल की मिलेगी जानकारी
-जुलाई से दिसंबर तक बोर्ड के विभिन्न रीजन में कराया जाएगा आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने बच्चों के विभिन्न स्किल (कौशल) को बढ़ाने और गाइडेंस देने की दिशा में कदम बढ़ाया है। बोर्ड बच्चों के लिए एक स्किल एक्सपो और गाइडेंस फेस्टिवल आयोजित करने जा रहा है। यह दोनों सामांतर चलेंगे। इसमें बच्चों को भविष्य के नौकरी के स्किल एआई, रोबोटिक्स, डेटा साइंस, जीनोमिक्स के संबंध में जानकारी मिलेगी। जुलाई से दिसंबर तक यह एक्सपो व गाइडेंस फेस्टिवल बोर्ड के विभिन्न रीजन में आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 10 जनवरी 2025 को राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
सीबीएसीई के अनुसार, एनईपी 2020 ने स्कूली छात्रों के लिए करियर मार्गदर्शन के महत्व पर जोर दिया है। लेकिन बच्चों के सामने यह सवाल रहता है कि यह कैसे तय करें कि भविष्य में क्या बनना है। बच्चों के लिए वर्तमान समय में यह निर्णय करना जटिल होता जा रहा है क्योंकि करियर की दुनिया में काफी बदलाव हो रहे हैं। इससे स्कूल स्तर पर कौशल मार्गदर्शन की आवश्यकता काफी बढ़ जाती है। ऐसे में बोर्ड ने बीते साल स्किल एक्सपो व इसके समानांतर गाइडेंस फेस्टिवल आयोजित किया था। अब इसकी सफलता के बाद इस साल इसे बड़े पैमाने पर आयोजित किया जा रहा है।
इसमें विभिन्न स्कूलों के छात्र अलग-अलग थीम पर अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे। किया था। सीबीएसई ने अब इन आयोजनों के अगले चरण यानी स्किल एक्सपो और गाइडेंस फेस्टिवल-2024 का आयोजन जुलाई 2024 से करने की योजना बनाई है। क्षेत्रीय स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में बोर्ड के सभी रीजन शामिल होंगे। जिसके बाद 10 जनवरी को राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों में रचनात्मकता, नवाचार को बढ़ावा देना है।