अंडर-14 में फादर एग्नेल नोएडा ने मारी बाजी, 140 स्कूलों के 168 टीमों ने भाग लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो के स्पर्श ग्लोबल स्कूल में आयोजित सीबीएसई क्लस्टर बास्केटबॉल प्रतियोगिता के महिला वर्ग में रविवार को फाइनल मुकाबले खेले गए। अंडर-14 वर्ग में फादर एग्नेल स्कूल नोएडा, अंडर-17 में एमपीएस गर्ल्स स्कूल शास्त्री नगर मेरठ व अंडर-19 वर्ग में डीपीएस नोएडा की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किए। प्रतियोगिता में 140 स्कूलों के 168 टीमों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 कैटेगरी में रविवार को फाइनल के मुकाबले खेले गए। 23 से 27 जुलाई तक चले इस पांच दिवसीय प्रतियोगिता में कुल 167 मुकाबले खेले गए। आयोजन सचिव व स्पोर्ट्स एचओडी अजित नागर ने बताया कि अंडर-14 वर्ग के फाइनल में फादर एग्नेल नोएडा ने फादर एग्नेल स्कूल ग्रेटर नोएडा को पराजित किया। अंडर-17 वर्ग में मेरठ के शास्त्री नगर के एमपीएस गर्ल्स स्कूल ने गाजियाबाद के सेठ आनंदराम जयपुरिया स्कूल और अंडर-19 वर्ग में डीपीएस नोएडा ने द एशियन स्कूल देहरादून को पराजित किया। प्रतियोगिता के समापन में स्कूल की प्रधानाचार्य डॉ. मोनिका रंधावा, टेक्निकल डेलीगेट (प्राविधिक प्रतिनिधि) लोकेश मलिक, सीबीएसई पर्यवेक्षक कैबिरिच मृत्युंजय ने विजेता टीमों को पदक व ट्राफी देकर सम्मानित किया।