नोएडा। प्राधिकरण की इंटिग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) परियोजना परवान चढ़ने वाली है। आगामी 15 जून से शहर के 82 चौराहों पर तीसरी कैमरों के जरिये यातायात व्यवस्था बहाली की जाएगी। इसकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
प्राधिकरण की इस परियोजना के अंतर्गत 82 चौराहों पर 1057 कैमरे लगाए जाने थे। करीब 50 चौराहों पर कैमरे लगाने का काम पूरा हो चुका है। वहीं इनकी लाइव निगरानी भी चल रही है। निगरानी के माध्यम से यह देखा जा रहा है कि कैमरों के माध्यम से वाहनों के नंबर प्लेट कैच हो रहे हैं या नहीं। साथ ही ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले वाहनों को चिह्नित करने में कोई परेशानी तो नहीं आ रही है। इस बाबत बुधवार को कमांड कंट्रोल सेंटर में प्राधिकरण के आलाधिकारियों के बीच एक बैठक हुई। बैठक में बताया गया कि 50 चौराहों पर करीब 500 कैमरों से लाइव निगरानी की जा रही है। इसके अलावा दूसरे चौराहों पर पोल आदि लगा दिए गए हैं। आगामी 15 जून तक यहां भी कैमरे आदि लगाने के बाद निगरानी का काम शुरू कर दिया जाएगा।
चालान आदि पर भी बनेगी बात
कैमरों के माध्यम से ट्रैैफिक नियमों को तोड़ने वाले वाहनों के चालान आदि के काम भी होने हैं। इस बाबत अभी तय नहीं हो पाया है कि इन कैमरों के माध्यम से किस तरह से ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से चालान आदि भेजने का काम किया जाए। इस कड़ी में ट्रैैफिक पुलिस के साथ मिलकर बैठक के माध्यम से योजना को अमलीजामा पहनाया जाएगा।
जाम से मिल पाएगी मुक्ति
कैमरे की मदद से ट्रैफिक पुलिस को शहर में लगने वाले जाम से मुक्ति मिल पाएगी। जहां भी जाम जैसे हालात होेेंगे। वहां कैमरे की मदद से जल्द से जल्द पुलिस को पता चल जाएगा। इसके अलावा जाम की वजह का भी पता चलेगा। इससे समस्या के समाधान में मदद मिलेगी।