ग्रेटर नोएडा में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पुत्री की आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाने के मामले में जिला दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन गौतम बुद्ध नगर के अध्यक्ष मनोज भाटी बोड़ाकी ने न्यायालय की शरण ली है। बताया गया कि मनोज भाटी ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में प्रार्थना पत्र दाखिल कर थाना सूरजपुर को रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश देने की मांग की थी। न्यायालय के आदेश के बाद सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मनोज भाटी के अनुसार समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पुत्री की कथित फोटो एक सोशल मीडिया अकाउंट इंडियन स्टोरी से पोस्ट की गई थी। आरोप है कि उक्त फोटो के माध्यम से परिवार की छवि धूमिल करने और सामाजिक रूप से बदनाम करने का प्रयास किया गया।
उक्त पोस्ट पर 100 से अधिक आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। जिससे पीड़िता, उनकी और मुलायम सिंह यादव के परिवार को मानसिक आघात पहुंचा और सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हुई। यह कृत्य भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 151, 356, 356 (3), 354-सी और आईटी एक्ट की धारा 66-ई और 67 के अंतर्गत दंडनीय अपराध है।
अधिवक्ता के मुताबिक मामले में 30 दिसंबर 2025 को थाना सूरजपुर में लिखित तहरीर दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद एक जनवरी 2026 को पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल) को भी रजिस्टर्ड डाक से शिकायत भेजी गई। फिर भी एफआईआर दर्ज नहीं की गई। मामले में न्यायालय से अनुरोध किया गया है कि था कि सूरजपुर को रिपोर्ट दर्ज कर विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाएं। इसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। वहीं कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।