ग्रेटर नोएडा। 25 करोड़ की चोरी के बाद पूर्वांचल सिल्वर सिटी सोसाइटी स्थित टावर-5 के फ्लैट नंबर 301 को खाली कर दिया गया था। इसमें बीते 20 अक्तूबर से अन्य परिवार किराये पर रह रहा है। परिवार को चोरी व पूर्व किरायेदारों के संबंध में ठोस जानकारी नहीं है। पुलिस ने शुक्रवार को किरायेदार व पड़ोसी परिवारों से पूछताछ कर अहम जानकारी जुटाई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, फ्लैट में एक कंपनी में नौकरी करने वाला शख्स परिवार के साथ रहता है। किरायेदार ने बताया कि दो दिन पहले चौथी मंजिल पर रहने वाले व्यक्ति ने उन्हें जानकारी दी कि जिस फ्लैट में वह रह रहे हैं, वहां से करोड़ों की चोरी हुई थी। इससे अधिक उन्हें कोई जानकारी नहीं है। एग्रीमेंट में भी मकान मालिक ने उन्हें चोरी के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी थी।
मकान मालिक ने कहा-काफी दिन से खाली है फ्लैट
फ्लैट दिल्ली निवासी सुभाष यादव का बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मौजूदा किरायेदार से पूछताछ में पता चला है कि उनके एग्रीमेंट के दौरान सुभाष यादव ने कहा था कि फ्लैट लंबे समय से खाली पड़ा है।
योग गुुरु के खाते की हो रही जांच, बिहार जाएगी पुलिस
25 करोड़ की चोरी के मामले में योग गुरु कृष्ण मुरारी से पुलिस की पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि राममणि पांडेय को कृष्ण पर इतना भरोसा करता था कि उसके नाम से ही पूर्वांचल सिल्वर सिटी के फ्लैट नंबर 301 को किराये पर लिया गया था। उसे काले धन की जानकारी थी। पुलिस कृष्ण के खाते की भी जांच कर रही है। नोएडा पुलिस अब बिहार जाने की तैयारी कर रही है। कृष्ण के बिहार स्थित घर जाकर पुलिस परिवार के हालिया आर्थिक समृद्धि के बारे में पता करेगी।
चाबी वाले ने तोड़ दिया था लॉक
पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि अगस्त में जब फ्लैट में चोरी हुई थी तो गोपाल व उसके साथी फ्लैट का ताला खोलने के लिए चाबी साथ ले गए थे, लेकिन उससे लॉक खुला नहीं तो चाबी वाले ने लॉक को तोड़ दिया था। पुलिस चाबी वाले की भी तलाश कर रही है। सोसाइटी के आसपास चाबी बनाने वाले कई दुकानदारों से पूछताछ की जा रही है।