सेक्टर-62 स्थित आईओएन डिजिटल जोन में परीक्षा दी थी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सॉल्वर की मदद से ऑनलाइन परीक्षा पास कर ओबरा तापीय परियोजना में नौकरी कर रहे युवक का फर्जीवाड़ा सामने आया है। अधिशासी अभियंता ने कोतवाली सेक्टर-58 में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सोनभद्र के ओबरा थर्मल कॉलोनी में रहने वाले विनोद कुमार पांडेय ने शिकायत की है कि वह ओबरा थर्मल परियोजना में अधिशासी अभियंता हैं। ओबरा प्लांट में मिर्जापुर अतरौली खुर्द के रहने वाले वीरेंद्र कुमार सिंह टीजीटू हैं। पिछले दिनों वीरेंद्र के खिलाफ गोपनीय शिकायत मिली कि वह परीक्षा में फर्जीवाड़ा कर विभाग में भर्ती हुआ है। इसके बाद उच्च अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद आंतरिक जांच कराई गई।
इसमें पता चला कि वीरेंद्र ने 14 जुलाई 2021 को नोएडा के सेक्टर-62 स्थित आईओएन डिजिटल जोन में परीक्षा दी थी। परीक्षा में उसके स्थान पर सॉल्वर बैठा था। जांच में यह सही पाया गया। इसके बाद वीरेंद्र को विभाग की तरफ से नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया। अब इसके खिलाफ पुलिस से शिकायत की। नोएडा के एडीसीपी सुमित शुक्ला ने बताया कि यह मामला ओबरा से नोएडा ट्रांसफर होकर आया है। इस मामले की जांच कराई जा रही है और सॉल्वर की पहचान की जा रही है।