सीईओ और प्रबंधक पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज
तीन माह की सैलरी नहीं मिलने पर लैब अटेंडेंट ने एक मई को लैब में की थी खुदकशी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। लैब अटेंडेंट डिंपल कुमार के खुदकुशी करने के मामले में सेक्टर-62 स्थित टैक्सॉस बायोलैब प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी व प्रबंधक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज हुआ है। सेक्टर-58 थाना पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियाें को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।
पुलिस को दी शिकायत में गभाना, अलीगढ़ निवासी सुबोध कुमार ने बताया कि उनका भाई डिंपल सेक्टर-62 के सी ब्लॉक स्थित लैब में काम करता था। आरोप है कि डिंपल ने तबीयत खराब होने पर कंपनी के सीईओ निम्माराजू वेंकटा शुभाराव और प्रबंधक कार्तिके अजायब से तीन माह की बकाया सैलरी मांगी थी। वेतन देने के बजाय दोनों ने डांटकर उसे भगा दिया। सैलरी नहीं मिलने से डिंपल मानसिक रूप से परेशान था और एक मई को लैब के सैंपल कलेक्शन रूम में तार से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड नोट में डिंपल ने लिखा है कि तीन माह से सैलरी नहीं मिलने के कारण वह आत्महत्या कर रहा है।