तावडू। केएमपी सड़क मार्ग पर एक दोस्त ने अपने साथी को धोखे से बुलाकर उसके साथ मारपीट और लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने इस मामले में दो नामजद आरोपियों सहित कुल छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। समीर निवासी बुराका थाना तावडू ने बताया कि वाजिद निवासी मलोखेड़ा, जिला हथीन को वह वर्ष 2017 से जानता है। आरोप है कि 30 अक्तूबर शाम को वाजिद ने उन्हें फोन कर अन्य साथी के पास चलने की बात कहकर धुलावट टोल प्लाजा के पास बुलाया।
इसके बाद वह गाड़ी लेकर मौके पर पहुंच गए जहां पर उसने अपनी गाड़ी को खड़ा कर दिया और वाजिद के कहने पर वे उसकी कार चलाकर रेवासन की ओर गए। समीर ने बताया कि कुछ दूर चलने पर वाजिद के कहने पर कार को मानेसर की ओर मोड़ दिया, जिसके बाद वाजिद एक दुकान पर पानी की बोतल लेने के बहाने गया। आरोप है कि इस दौरान वह मोबाइल पर किसी अन्य से बातचीत कर रहा था और थोड़ी देर बाद दो गाड़ी उनके पास आकर रुकी, जिनमें से चार युवक उतरे और आते ही उसके साथ मारपीट करने लगे। समीर का कहना है कि यह पूरी साजिश वाजिद ने रची थी। अपहरण कर आरोपी उसे दूसरी गाड़ी में ले गए।
इस दौरान आरोपियों ने कहा कि वे पलवल सीआईडी के कर्मचारी है और जबरन खाते से पांच लाख रुपये ट्रांसफर करवाने का दबाव डालने लगे। आरोपियों ने उसकी जेब से 96 हजार रुपये, गाड़ी की चाबी और उसका मोबाइल छीन लिए। पीड़ित समीर ने आरोपियों बचने के लिए बेहोशी का झूठा नाटक रचा। इसके बाद सभी आरोपी उसे रेवासन टोल प्लाजा से आगे घासेड़ा के जंगलों की तरफ ले गए। जहां पर उन्होंने उसे एक वैगनआर गाड़ी में बैठा दिया। समीर के मुताबिक वैगनआर गाड़ी के चालक का नाम नईम निवासी सत्पुतियाकी है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने वाजिद निवासी मलोखेड़ा, नईम निवासी सत्पुतियाकी और अन्य चार के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।