-नगला हुकुम सिंह, रन्हेरा, कुरैव जैसे गांवों में कई-कई बीघा एयरपोर्ट की भूमि पर किया अवैध निर्माण
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी/रबूपुरा। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए अधिगृहीत की गई भूमि पर मुआवजा लेने के बाद भी अवैध रूप से निर्माण करने वाले 41 लोगों पर बृहस्पतिवार को रबूपुरा कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज किया है। एसडीएम जेवर के अधिनस्थ कर्मियों की ओर से दी गई रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि इनमें बहुत से लोगों ने दो-दो बीघा तक भूमि पर अवैध निर्माण किया हुआ है।
जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि नगला हुकम सिंह, रन्हेरा और कुरैव गांव के क्षेत्र में एयरपोर्ट के लिए अधिगृहीत भूमि पर शासन की ओर से मुआवजा भी वितरित किया जा चुका है। इसके बावजूद बहुत से ग्रामीण अवैध तरीके से इन भूमि पर अवैध निर्माण कार्य कर रहे हैं। शासन की ओर से जिलाधिकारी गौतम बुद्ध नगर को इसकी जांच कराने के निर्देश थे। जिलाधिकारी ने इसकी जांच एसडीएम जेवर अभय कुमार सिंह को सौंपीं थी। इसके बाद एसडीएम और उनकी टीम ने इन गांवों में पहुंचकर मामले की जांच की गई। जांच सही पाए जाने पर उप जिलाधिकारी की टीम ने अवैध निर्माण करा रहे लोगों के खिलाफ रबूपुरा कोतवाली पुलिस को शिकायत दी है। रबूपुरा कोतवाली प्रभारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर 41 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि बड़ी संख्या में नोएडा एयरपोर्ट की अधिग्रहित भूमि पर अवैध निर्माण कराए जा रहे हैं। अवैध निर्माण कराने वाले 41 लोगों को चिह्नित किया गया है। इनकी शिकायत संबंधित कोतवाली में दी गई है।