पुन्हाना। पुन्हाना थाने के गांव राजपुर में मंगलवार को हुई फायरिंग में पुलिस ने अपहरण, हत्या का प्रयास करने, सरकारी कार्य में बांधा डालने, अवैध हथियार रखने सहित अन्य धाराओं के तहत करीब 40 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने जाड़ोली गांव से तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है। वहीं राजपुर के जिन दो लोगों के पैर में गोली लगी है उनको हिरासत में लेकर अस्पताल में उनका उपचार करवाया जा रहा है। ठीक होने के बाद उनको भी गिरफ्तार किया जाएगा।
गोतस्करों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में गोली लगने से एक सिपाही, मुखबिर सहित दो गोतस्कर घायल हो गए थे। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 2/3 अक्तूबर की रात पुलिस को गुप्तचर से सूचना मिली थी कि जाडोली निवासी अत्ती पुत्र सलीम व सलीम पुत्र यासीन अपने कुछ अन्य साथियों के साथ गांव में अपने मकान में गोकशी कर रहे हैं। टीम ने छापा मारा और आरोपी अत्ती, फकरु व सलीम को काबू कर लिया। इस दौरान गोकशी का एक आरोपी भाग गया, उसे पकड़ने के समय आरोपी इकलास, इकराम ने टीम पर फायर कर दिया था। पुलिस ने जवाबी फायर कर आरोपियों को घायल कर दिया। आरोपी अत्ती, फकरु पुत्र सलीम और सलीम पुत्र यासीन को गिरफ्तार कर लिया गया है।