महिला से छेड़छाड़ के मामले में डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा
दादरी। तीन दिन पहले रेलवे रोड पर अल्ट्रासाउंड कराने आई महिला से चिकित्सक द्वारा छेड़छाड़ किए जाने का मामला सामने आया था। पीड़िता के अनुसार नशे की हालत में छेड़छाड़ कर रहे आरोपी ने विरोध करने पर मारपीट भी की थी। वीडियो बनाने का प्रयास करने पर मोबाइल भी छीन लिया था। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार कोतवाली दादरी क्षेत्र में रेलवे रोड पर विद्या अल्ट्रासाउंड सेंटर है। बीते बुधवार को यहां एक महिला अपने पति और सास के साथ अल्ट्रासाउंड कराने आई थी। आरोप है कि उस समय सेंटर पर मौजूद डॉ. राजवीर सिंह नागर ने शराब पी हुई थी, अल्ट्रासाउंड के दौरान डॉक्टर महिला के कपड़े आवश्यकता से अधिक ऊपर नीचे कर छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर डॉक्टर ने महिला को थप्पड़ मार दिया। जब महिला के पति ने मोबाइल से वीडियो बनाने का प्रयास किया गया तो आरोपी ने फोन छीन लिया। हाथापाई करते हुए महिला की सास को भी धक्का दिया। इस मामले में पीड़ित महिला ने डॉक्टर के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक राजवीर सिंह चौहान का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।