कारपेट फेयर के पूर्व संध्या पर अपने स्टाल सजाते निर्यातक। स्रोत-संवाद
भदोही। दुनिया भर में हस्तनिर्मित कालीनों और फ्लोर कवरिंग का एशिया उपमहाद्वीप का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय कालीन मेला इंडिया कार्पेट एक्सपो शनिवार से भदोही के एक्सपो मार्ट में शुरू होगा। चार दिन तक चलने वाले इस मेले का उद्घाटन सुबह 10:30 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।
मेले में देशभर के 146 कालीन निर्माता अपनी कालीनों का प्रदर्शन करेंगे, जिनकी संख्या पिछले मेले के मुकाबले 110 कम है। शुक्रवार को देर शाम तक कालीन निर्माता अपने स्टाल सजाने में लगे रहे।
कालीन निर्यात संवर्धन परिषद सीईपीसी की ओर से आयोजित यह अब तक का 49वां और भदोही में होने वाला चौथा एक्सपो होगा। अमेरिका के 50 प्रतिशत टैरिफ की नई चुनौतियों के बीच भारतीय कालीन निर्यातक बदली हुई रणनीति के साथ इसमें भागीदारी कर रहे हैं। पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार के मेले में लगभग 110 स्टाल कम हैं। इसका मुख्य कारण अमरीकी टैरिफ को ही माना जा रहा है।
हालांकि सीईपीसी चेयरमैन कुलदीप राज वाटल का कहना है कि यह अंतरराष्ट्रीय मेला भारतीय कालीन उत्पादकों के लिए चुनौती है। अमेरिकी टैरिफ के भय से घर बैठना उद्योग हित में नहीं है। इसलिए नई परिस्थितियों के बीच यह मेला नए अवसर प्रदान करेगा। बताया कि खास बात है कि अमेरिका से हमेशा 55 आयातक ही मेले में आते रहे हैं लेकिन टैरिफ के बाद भी 46 अमेरिकी खरीदारों का मेले में आना इसका गवाह है कि दुनिया में भारतीय कालीन का विकल्प नहीं है।