फोटो 21 खाई में पलटी दूल्हे की कार
- फोटो : reasi news
करहल। थाना कुर्रा क्षेत्र में बृहस्पतिवार रात को दूल्हे को लेकर जा रही कार अनियंत्रित होकर बिजली का खंभा तोड़ते हुए खाई में पलट गई। हादसे में दूल्हे सहित कार सवार छह लोग घायल हो गए। दो घायलों को मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर किया गया। किशनी थाना क्षेत्र के गांव पलौड़ी निवासी अरुण पांडेय के पुत्र पवन कुमार की शादी करहल थाना क्षेत्र के नगला दयाल निवासी गुड्डू दुबे की पुत्री के साथ तय हुई थी।
बृहस्पतिवार की रात को पवन खुद कार चलाते हुए परिवार के लोगों के साथ नगला दयाल जा रहा था। कार जब थाना कुर्रा क्षेत्र में गांव अंबरपुर के पास पहुंची तो अचानक अनियंत्रित होकर लोहे के एक खंभे से टकराने के बाद खाई में उतर कर पलट गई। हादसे में दूल्हा पवन, चाचा अखिलेश, बुआ का लड़का आकाश, रिश्तेदार गणेश सहित सभी छह लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, दो घायलों को मेडिकल कॉलेज सैफई भिजवाया, मामूली रूप से जख्मी दूल्हा व अन्य लोग बरात के लिए करहल रवाना हो गए। कुछ देर बाद सैफई से घायल गणेश व अन्य को छुट्टी दे दी गई।