दक्षिण टोला थाना के कासीमपुरा तमसा नदी पुल के पास टक्कर के बाद कार में फंसी बाइक।संवाद
दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के कासीमपुर स्थित तमसा नदी पुल के पास शनिवार की शाम तेज रफ्तार कार ने सामने से बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के रामपुर काधी निवासी दीपक सिंह (33) की मौके पर मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को जिला अस्पताल भेजवा दिया। दीपक जिला मुख्यालय स्थित किसी बाइक एजेंसी पर काम करते थे। शनिवार की शाम काम करके घर लौट रहे थे। तमसा नदी पुल से पहले घुमाव के पास तेज रफ्तार कार ने सामने से बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि दीपक बाइक सहित उछलकर 10 मीटर दूर जा गिरे और कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। तेज झटके के चलते हेलमेट के अंदर सिर फट गया। जब तक ग्रामीण वहां पहुंचते कार सवार कार छोड़कर वहां से भाग गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस शव को जिला अस्पताल पहुंचाया और कार को सीज कर थाने में खड़ा कर दिया। दीपक माता पिता की इकलौती संतान थे और इनसे एक बेटा और एक बेटी थी। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि परिजन ने तहरीर दी है। कार के नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।