रोमांचक मुकाबलों में लोटस वैली ने अरवाचिन को सात रन से, एस्टर ने कैम्ब्रिज को 55 रन से हराया
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। सेक्टर-27 स्थित कैम्ब्रिज स्कूल में चल रहे कैम्ब्रिज अंडर-14 इंटर-स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट में बुधवार को खेले गए मुकाबलों में लोटस वैली इंटरनेशनल स्कूल और एस्टर पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई।
पहले मैच में लोटस वैली ने अरवाचिन भारती भवन, विवेक विहार को सात रन से हराया। लोटस वैली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 86 रन बनाए। जवाब में अरवाचिन की टीम 79 रन पर सिमट गई। सनातन ने चार और रोहन सूद ने तीन विकेट लिए। सनातन ‘मैन ऑफ द मैच’ रहे।
दूसरे मुकाबले में एस्टर पब्लिक स्कूल ने कैम्ब्रिज स्कूल, नोएडा को 55 रन से पराजित किया। एस्टर की ओर से अभिषेक यादव ने 99 और आलोक रंजन ने 53 रन बनाए। कैम्ब्रिज के अर्णव भाटिया ने 49 रन जोड़े। अभिषेक यादव ‘मैन ऑफ द मैच’ चुने गए।
पुरस्कार वितरण स्पोर्ट्स एक्जीक्यूटिव कुशांक रुस्तगी ने किया। सेमीफाइनल मुकाबले 13 नवंबर को खेले जाएंगे।