- सेक्टर 38 ए स्थित जीआईपी वाटर पार्क की घटना, पुलिस ने शुरू की जांच
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-38 ए स्थित जीआईपी वाटर पार्क में दोस्तों के साथ नहाने आए केबल कारोबारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार दोपहर दिल्ली के आदर्श नगर निवासी धनंजय महेश्वरी (25) दोस्त अंशुल गुप्ता, राघव गुप्ता, सागर गुप्ता और पीयूष लांबा के साथ जीआईपी स्थित वाटर पार्क आए थे। दोपहर करीब 12:30 बजे धनंजय व उसके साथी कॉस्टयूम और लाकर लेने के बाद सीधे स्लाइडिंग पर पहुंचे थे। स्लाइडिंग के बाद एक-एक करके सभी लोग नीचे आए तभी धनंजय को सांस लेने में परेशानी होने लगी। वाटर पार्क प्रबंधन की ओर से एंबुलेंस से धनंजय महेश्वरी को अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
नोएडा पुलिस की सूचना पर परिजन अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने बताया कि धनंजय के पैर और कमर पर चोट के निशान थे। धनंजय के पिता का दिल्ली में केबल का कारोबार है और वह अपने पिता के कारोबार में सहयोग करते थे। एसीपी प्रवीण कुमार सिंह के मुताबिक पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इस मामले में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। परिजनों की तरफ से शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
अस्पताल पहुंचने में देरी होने का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सांस लेने में तकलीफ होने पर धनंजय जमीन पर बैठ गए। आरोप है कि अगर एंटरटेनमेंट पार्क प्रबंधन तभी अलर्ट होकर उन्हें तुरंत उसे अस्पताल पहुंचता तो उनकी जान बच सकती थी। बताया जा रहा है कि अस्पताल पहुंचने में थोड़ा वक्त लग गया। अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि एंटरटेनमेंट पार्क प्रबंधन की तरफ से 20 से 25 मिनट की देरी की बात कही है।
घटनास्थल पर मची अफरा तफरी
रविवार दोपहर वाटर पार्क में काफी संख्या में लोग मौजूद थे। इस घटना के बाद वहां अफरातफरी मच गई और कई लोग वाटर पार्क से वापस चले गए। वही नोएडा कमिश्नरेट की मीडिया सेल के मुताबिक धनंजय माहेश्वरी की मौत डूबने से नहीं हुई है। परिजनों की उपस्थिति में पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है।