जाफराबाद में धरने पर बैठे प्रदर्शकारियों ने देर रात किया हंगामा
नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (एनआरसी) के विरोध में पिछले डेढ़ माह से जाफराबाद रोड पर धरने पर बैठी महिलाएं शनिवार देर रात मुख्य सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने लगीं। महिलाओं सड़क को एक तरफ से बंद कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए। पहले उन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन नहीं माने तो हल्का बल प्रयोग कर खदेड़ दिया। हालांकि बाद में सभी फिर से सड़क पर आकर डट गए। खबर लिखे जाने तक जाफराबाद में अफरातफरी का माहौल था। पुलिस अधिकारी ड्रोन उड़ाकर हालात का जायाजा ले रहे थे, वहीं मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल बुला लिया गया था।
सीएए और एनआरसी के विरोध में शाहीन बाग के अलावा यमुनापार में शास्त्री पार्क, कर्दमपुरी, श्रीराम कॉलोनी, सुंदर नगरी, चांद बाग, मुस्तफाबाद व जाफराबाद में पिछले डेढ़ माह से सीएए के विरोध में धरना चल रहा है। रविवार सुबह प्रदर्शनकारियों को जाफराबाद रोड से लेकर राजघाट तक पैदल मार्च निकालना है, हालांकि दिल्ली पुलिस ने मार्च की अनुमति नहीं दी थी। ऐसे में एहतियात के तौर पर शनिवार रात से ही जाफराबाद रोड पर पुलिस और अर्द्धसैनिक बल को तैनात को दिया था। रोड पर पुलिस तैनात होते ही जाफराबाद में तनाव का माहौल हो गया। करीब साढ़े दस बजे धरने पर बैठी महिलाएं मुख्य सड़क पर आ गई और मेट्रो स्टेशन के पास जाम लगा दिया। आधे घंटे तक महिलाओं ने सड़क को बंद रखा। इससे वहां जाम लग गया। इसके बाद पुलिस ने महिलाओं को समझाने की कोशिश की। नाकाम होने पर उन्हें खदेड़ दिया। इसके बावजूद महिलाएं कभी गली तो कभी सड़क पर आकर नारेबाजी करने लगी, जो देर रात तक जारी था।