हरियाली तीज बना महिलाओं के लिए कमाई का पर्व, मेहंदी व गिफ्ट हैंपर की बढ़ी मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा/नोएडा। हरियाली तीज के आगमन के साथ ही शहर और आसपास के क्षेत्रों के बाजारों में उत्सव की चमक बिखरने लगी है। इस बार महिलाओं में सजने-संवरने का क्रेज इस कदर है कि त्योहारी सीजन की शुरुआत से पहले ही बाजार पूरी तरह गुलजार हो चुके हैं।
पारंपरिक सोलह श्रृंगार की रस्म को खास बनाने के लिए मेहंदी, ब्यूटी पार्लर, डिजाइनर आभूषण, पूजा सामग्री और गिफ्ट हैम्पर की मांग हर साल बढ़ती है। अंतिम समय की आपाधापी और भीड़ से बचने के लिए महिलाओं ने हफ्तों पहले से ही मेहंदी आर्टिस्ट और मेकअप सैलून में एडवांस बुकिंग करा ली है। इस बढ़ते रुझान ने न केवल स्थानीय व्यापार को रफ्तार दी है, बल्कि हजारों महिलाओं के लिए स्वरोजगार और अतिरिक्त आय का एक बड़ा जरिया भी तैयार किया है। गिफ्ट हैम्पर्स से लेकर कस्टमाइज्ड ब्यूटी सर्विसेज की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए कारोबारियों ने अतिरिक्त स्टाफ और वर्किंग आवर्स बढ़ा दिए हैं।
-
इस बार भी अच्छी कमाई होने की उम्मीद
तीज से करीब दस दिन पहले ही बुकिंग शुरू हो जाती हैं। इस बार पिछले साल की तुलना में अधिक ग्राहक मिलने की संभावना हैं। पर्व के नजदीक आने के साथ ही कई ग्रुप बुकिंग भी होती हैं। -ज्योति कश्यप, मेहंदी आर्टिस्ट
मेकअप, हेयर स्टाइल और स्किन केयर की मांग काफी बढ़ जाती है। इससे त्योहार के दौरान आमदनी सामान्य दिनों की तुलना में काफी बढ़ जाती है। इस बार भी अच्छी कमाई की उम्मीद है। -निधि चौधरी, ब्यूटी पार्लर संचालक
तीज पर लोग अपने रिश्तेदारों और मित्रों को उपहार देने के लिए कस्टमाइज्ड गिफ्ट हैम्पर पसंद कर रहे हैं। कॉस्मेटिक्स, चूड़ियां, पूजा सामग्री और सजावटी वस्तुओं वाले हैम्पर की अच्छी मांग है। -सजना परमार, गिफ्ट हैम्पर संचालक
मेकअप, मेहंदी और ब्यूटी सर्विस तीनों का काम करती हूं। तीज के दौरान उन्हें लगातार घर-घर जाकर सेवाएं देनी पड़ रही हैं। कई सोसाइटियों से उन्हें ग्रुप बुकिंग भी मिली हैं। -साधना, मेकअप आर्टिस्ट, सेक्टर-110 निवासी
महिलाएं अब घर पर ही मेकअप और मेहंदी की सुविधा चाहती हैं। त्योहार की वजह से हमारी कमाई कई गुना बढ़ जाती है और आत्मनिर्भर बनने का हौसला भी मिलता है। -कविशा तोमर, सेक्टर-12
तीज से पहले ही पार्लर में अपॉइंटमेंट फुल हो चुके हैं। मेकअप, हेयर स्टाइल, फेशियल और साड़ी ड्रेपिंग जैसी सेवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है। त्योहार के दौरान सुबह से रात तक ग्राहक आ रहे हैं। -आशा गुप्ता, ब्यूटी पार्लर संचालक, सेक्टर-75
पिछले कई वर्षों से मेहंदी लगाने का काम कर रही हूं। इस बार उनके पास सोसाइटी, घरों और तीज मिलन कार्यक्रमों से बड़ी संख्या में बुकिंग आई हैं। वह सुबह से देर रात तक लगातार काम कर रही हैं। -पुनीता वर्मा, मेहंदी आर्टिस्ट, सेक्टर-22 निवासी