नाइट कोर्ट के खरीदारों को 15 माह में मिलेगा कब्जा
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश भूसंपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) की निगरानी में जेपी एसोसिएट्स के नाइट कोर्ट प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य पूरा होगा। बिल्डर और खरीदार मिलकर निर्माण कराएंगे। 15 दिन के अंदर काम शुरू हो जाएगा। 15 माह के अंदर खरीदारों को फ्लैट पर कब्जा मिल जाएगा।
नोएडा में जेपी ग्रीन नाइट कोर्ट प्रोजेक्ट है। प्रोजेक्ट में 310 खरीदार हैं। जो लंबे समय से कब्जा मिलने का इंतजार कर रहे हैं। वर्ष 2014 से निर्माण कार्य बंद है। प्रोजेक्ट में कुल आठ टावर हैं। करीब 60 प्रतिशत काम भी पूरा नहीं हुआ है। अफसरों ने बताया कि प्रोजेक्ट यूपी रेरा में पंजीकृत है। बिल्डर ने दिसंबर, 2020 तक प्रोजेक्ट को पूरा करने का समय दिया था। जो बीत चुका है। बिल्डर और नाइट कोर्ट सोशल वेलफेयर एसोसिएशन ने मिलकर प्रोजेक्ट पूरा करने का प्रस्ताव दिया था। 27 जनवरी को बैठक कर यूपी रेरा ने प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। निर्माण कार्य की निगरानी के लिए यूपी रेरा के सदस्य बलविंदर कुमार की अध्यक्षता में समिति बनी है। समिति में नोएडा प्राधिकरण के सीईओ समेत अन्य विभाग के अफसर हैं। अफसरों ने बताया कि प्रोजेक्ट को पूरा करने में 145 करोड़ रुपये की जरूरत होगी। करीब 41 करोड़ रुपये बिल्डर देगा। बाकी रकम खरीदारों से आएगी। बिल्डर को अगले दो सप्ताह में 10 करोड़ रुपये प्रोजेक्ट के एस्क्रो अकाउंट में जमा करने होंगे। समिति हर माह प्रोजेक्ट की प्रोग्रेस रिपोर्ट यूपी रेरा को देगी।
कैलिप्सो कोर्ट का भी चल रहा है निर्माण
यूपी रेरा की निगरानी में जेपी के कैलिप्सो कोर्ट प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य भी चल रहा है। काम पिछले साल शुरू हुआ था। वहां भी 300 से अधिक खरीदार हैं। जिन्हें जल्द कब्जा मिलने की उम्मीद है। इसी प्रोजेक्ट की तर्ज पर अन्य प्रोजेक्टों को भी पूरा कराने की तैयारी चल रही है।
यूपी रेरा सभी प्रोजेक्ट की तकनीकी और आर्थिक रिपोर्ट की समीक्षा कर रहा है। इन प्रोजेक्ट को पूरा करने में आ रही अड़चनों को दूर कराकर निर्माण कार्य को पूरा कराया जाएगा।
राजीव कुमार, चेयरमैन यूपी रेरा