नोएडा। साढ़े छह करोड़ की धोखाधड़ी में फरार आरोपी कारोबारी को दुबई की फ्लाइट में बैठने से पहले मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया। बृहस्पतिवार तड़के आरोपी कारोबारी वैभव आहूजा को पकड़े जाने की सूचना नोएडा पुलिस को दी गई। नोएडा पुलिस की टीम बृहस्पतिवार को मुंबई के लिए रवाना हो गई है। वैभव आहूजा के खिलाफ वर्ष 2021 में कोतवाली सेक्टर-39 में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया गया था। शनिवार को पुलिस की टीम उसे नोएडा लेकर आ सकती है।
मार्च 2021 में तमिलनाडु निवासी आर मदियालगन ने कोतवाली सेक्टर-39 में रियल एस्टेट व गारमेंट कारोबारी वैभव आहूजा, सुनील आहूजा, तान्या आहूजा व राहुल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद से आरोपी सेक्टर-104 स्थित हेमलेट वन सोसाइटी के फ्लैट छोड़कर फरार हैं। नोएडा पुलिस ने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को पत्र भेजकर आरोपियों को विदेश भागने की आशंका जताई थी। बृहस्पतिवार तड़के वैभव आहूजा, मां और बहन के साथ मुंबई एयरपोर्ट से दुबई जा रहा था। एयरपोर्ट पर चेकिंग के दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया गया। नोएडा पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। वैभव समेत अन्य ने गारमेंट कारोबारी आर मदियालगन को दुबई में बिजनेस शुरू करने का झांसा दिया था। एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि मुंबई एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किए गए वैभव आहूजा को नोएडा लाने के लिए टीम रवाना हो गई है।
दुबई में कारोबार के नाम पर खरीदे थे 9.5 करोड़ के कपड़े
18 मार्च 2021 को कोतवाली सेक्टर-39 में दर्ज रिपोर्ट में बताया गया कि वैभव आहूजा समेत अन्य आरोपियों ने दुबई में कारोबार शुरू करने के नाम पर आर मदियालगन से 9.5 करोड़ रुपये के गारमेंट खरीदे थे। आरोपियों ने करीब तीन करोड़ रुपये लौटा दिए लेकिन साढ़े छह करोड़ की राशि वापस नहीं की। छह करोड़ की राशि के लिए 17 अलग-अलग चेक का व्हाट्सएप भेजकर पीड़ित को झांसा दिया। कई बार संपर्क करने के बाद भी पैसे नहीं लौटाने पर मामले में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
पिता और पत्नी की तलाश जारी
धोखाधड़ी के इस मामले में वैभव आहूजा के साथ पत्नी तान्या आहूजा व पिता सुनील आहूजा के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज है। इसके साथ ही आहूजा को तमिलनाडु के कारोबारी से मिलवाने वाला राहुल भी फरार है। अब पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।