न यूनिट दे रहे, न लौटा रहे पैसे, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
सेक्टर-132 के मैकॉन्स डिजिटल पार्क से जुड़ा है मामला
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-132 के डिजिटल आईटी पार्क में निवेश के नाम पर 4.50 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप एक कारोबारी ने लगाया है। उनका कहना है कि निवेश के नाम पर उनसे रकम ली गई, लेकिन काफी समय बीतने के बावजूद उन्हें न तो यूनिट दी जा रही है और न ही रकम लौटाया जा रहा है। इस मामले में कोतवाली सेक्टर-126 पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
दिल्ली के सैनिक फार्म निवासी कारोबारी मोहित लूथरा ने पुलिस से शिकायत की है कि मैकॉन्स इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड ने सेक्टर-132 में डिजिटल आईटी पार्क नाम से एक प्रोजेक्ट शुरू किया था, जिसे अब मैकॉन्स डिजिटल पार्क के नाम से जाना जाता है। इस प्रोजेक्ट में निवेश के लिए 2020 में राजेश मनोचा ने उन्हें राजी किया था, जो उनकी कंपनी की प्रमोटर डायरेक्टर नम्रता मनोचा के पति हैं।
नंबर भी किया ब्लॉक
झांसे में आने के बाद पीड़ित ने 27 अगस्त, 2020 को 4.50 करोड़ रुपये नम्रता मनोचा के खाते में ट्रांसफर किए थे। उन्हें बताया गया था कि अगस्त 2025 तक यूनिट उनके नाम ट्रांसफर कर दी जाएगी, लेकिन 2025 की शुरुआत में आरोपियों का रवैया बदल गया। अतिरिक्त रकम देने से मना करने पर आरोपी ने भी यूनिट ट्रांसफर करने से मना कर दिया। पीड़ित का कहना है कि दिए रुपये लौटाने से इन्कार करते हुए आरोपी के बेटे ऋषि मनोचा ने उनका नंबर ब्लॉक कर दिया। एसीपी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।