माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-64 बी ब्लॉक स्थित एनटीए परीक्षा केंद्र को दूसरी जगह स्थानांतरित करने की मांग उठी है। कारोबारी सुनील कुमार ने ऑल इंडिया इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट एसोसिएशन से शिकायत की। इसके बाद एसोसिएशन ने समस्या के समाधान के लिए केंद्र संचालक को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
अध्यक्ष प्रसादी सिंह सोलंकी ने बताया कि सेक्टर-64 स्थित परीक्षा केंद्र के आसपास परीक्षा के दिनों में अभिभावकों के वाहनों, ऑटो और ई-रिक्शा की भीड़ के कारण जाम की स्थिति बन जाती है। इससे क्षेत्र में कारोबार करने वाले लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। सुनील कुमार ने यह भी बताया कि सिग्नल जैमर के इस्तेमाल से मोबाइल फोन कॉल में बार-बार व्यवधान उत्पन्न होता है। उन्होंने एसोसिएशन से मामले को संबंधित अधिकारियों के सामने उठाकर परीक्षा केंद्र को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित कराने में सहयोग की मांग की है।
एसोसिएशन के सचिव मोहम्मद इबरान ने बताया कि इस मामले में केंद्र संचालक से बात की गई है। उन्होंने समस्या के जल्द समाधान का आश्वासन दिया है।