झज्जर। दीपावली के बाद भी बसें शहर के अंदर से ना होकर बाहरी रास्तों से जा रही हैं। इसके चलते काॅलेज, स्कूल व अन्य स्थानों पर जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दिवाली की छुट्टियों के बाद 23 अक्तूबर को काॅलेज व अन्य शिक्षण संस्थान खुल गए हैं।
जिला पुलिस प्रशासन की तरफ से दीपावली से पहले बसों की एंट्री को शहर के रास्ते से बंद किया गया था ताकि दिवाली त्योहार में जाम की स्थिति ना बने।
अब दीपावली बीतने के बाद स्कूल, काॅलेज व अन्य शिक्षण संस्थान शुरू हो गए हैं। इसमें शहर से सैकड़ों की संख्या में विद्यार्थी पढ़ने के लिए बसों से जाते हैं।
विद्यार्थी व अन्य लोग शहर के पुराना बस अड्डा, छिक्कारा चौक, यादव धर्मशाला, भट्टी गेट, सिलानी गेट पर जाकर खड़े हो जाते हैं लेकिन काफी समय बाद बस नहीं आती तो वे ई-रिक्शा व ऑटो के माध्यम से अपने गंतव्य की तरफ जाते हैं। इस दौरान उनको काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
यातायात पुलिस ने किए चालान
शहर के रोहतक रोड पर यातायात पुलिस की तरफ से शुक्रवार को नियमों का पालन नहीं करने वाले लोगों के चालान किए गए। इस दौरान यातायात पुलिस ने हेलमेट नहीं पहनने, सीट बेल्ट नहीं लगाने, ब्लैक फिल्म लगाने व मोटरसाइकिल पर तीन सवार के 50 चालान किए गए हैं।
जिले में अभी बसों को शहर के अंदर से लेकर जाने के कोई आदेश नहीं किए गए हैं। बाहरी रास्तों से बसों को आवागमन किया जा रहा है। इसके अलावा शहर में नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन चालकों के चालान भी किए जा रहे हैं।-वीरेंद्र, यातायात प्रभारी, झज्जर पुलिस