स्कूल जा रही 8 वर्षीय बच्ची पर सांड ने किया हमला
- जमीन पर पटककर कई मिनट तक सींगों से मारा, लावारिस कुत्ते ने बचाया, अस्पताल में भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
दनकौर। समसपुर गांव में लावारिस सांड ने 8 वर्षीय बच्ची पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना के वक्त बच्ची घर से स्कूल बस में बैठने जा रही थी। हमले में गंभीर रूप से घायल बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
समसपुर निवासी ओमवीर नागर की भतीजी तपस्या कक्षा तीन की छात्रा है। ओमवीर ने बताया कि बुधवार सुबह तपस्या घर से पैदल गांव के बाहर आने वाली स्कूल बस में बैठने जा रही थी। गांव की गली में अचानक एक लावारिस सांड उसके पीछे भागने लगा। तपस्या ने भागकर बचने का प्रयास किया। पीछे आ रहे सांड ने उसे जमीन पर पटक दिया। जमीन पर गिरी बच्ची पर सांड कई मिनट तक सींगों से हमला करता रहा। आसपास के लोगों ने शोर मचाकर सांड को भगाने का प्रयास किया लेकिन नाकामयाब रहे। मौके पर मौजूद लावारिस कुत्ते के लगातार भौंकने पर सांड बच्ची को वहीं छोड़कर चला गया।
ओमवीर के मुताबिक ग्रामीण लावारिस सांडों से परेशान हैं। कुछ माह में गांव में कई लोगों पर सांड हमला कर चुके हैं। आरोप है कि इस बाबत प्राधिकरण के अधिकारियों को लिखित शिकायत दी गई थी। लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि जल्द ही क्षेत्र के लोग इस समस्या के निराकरण के लिए प्राधिकरण पर धरना प्रदर्शन करेंगे।