निवासियों के साथ बिल्डर की बैठक आज
एसोटेक विंसडर कोर्ट सोसाइटी के फ्लैट खरीदारों ने किया हंगामा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। एसोटेक विंसडर कोर्ट सोसाइटी के फ्लैट खरीदारों का लगातार दूसरे दिन हंगामा जारी रहा। उन्होंने रविवार के बाद सोमवार को भी प्रदर्शन किया। आज बिल्डर संग बैठक होगी, जहां अधूरे पड़े प्रोजेक्ट को पूरा कराने की मांग की जाएगी।
सेक्टर-78 स्थित एसोटेक विंसडर कोर्ट सोसाइटी के फ्लैट खरीदार खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। दस साल पहले सोसाइटी में अपना आशियाना चुनने वाले फ्लैट खरीदार रजिस्ट्री तो दूर सोसाइटी का प्रोजेक्ट पूरा होने का इंतजार कर रहे हैं। यहां पार्किंग स्थल से लेकर स्वीमिंग पूल समेत तमाम निर्माण अभी भी अधूरे पड़े हैं। एसोटेक विंसडर कोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष सचिन मलिक ने बताया कि रविवार के बाद सोमवार को भी प्रदर्शन जारी रहा। लगातार निवासियों के प्रदर्शन और अमर उजाला की ओर से प्रमुखता से उठाई गई इस समस्या के बाद बिल्डर ने निवासियों संग आज बैठक करने की बात मानी। आज सोसाइटी के क्लब हाउस में शाम पांच बजे बिल्डर के सामने निवासी अपनी बात रखेंगे।