-ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शुरू की विभागीय कार्रवाई की तैयारी
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने ग्रेनो वेस्ट की व्हाइट आर्किड सोसाइटी के बिल्डर के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। आरोप है कि बिल्डर ने रजिस्ट्री कराने के लिए 25 प्रतिशत धनराशि जमा कर दी है, लेकिन ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट के लिए आवेदन नहीं किया है। इस कारण फ्लैटों की रजिस्ट्री शुरू नहीं हो पा रही है। कार्रवाई के लिए बिल्डर्स विभाग ने नियोजन विभाग को पत्र लिखा हैं। सोसाइटी के दो टावर में 132 फ्लैटों की रजिस्ट्री अटकी है। अमिताभ कांत कमेटी की सिफारिशों को मंजूरी मिलने के बाद बिल्डर को 25 प्रतिशत धनराशि जमा करनी थी। सोसाइटी के निवासियों व एओए के पदाधिकारियों ने इस संबंध में प्राधिकरण के अफसरों से मुलाकात की और रजिस्ट्री कराने की मांग की।
बिल्डर ने पत्र देकर अपने ही अवैध निर्माण की दी जानकारी
निवासियों ने बताया कि हाल में बिल्डर ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को एक पत्र लिखा है। जिसमें बताया है कि सोसाइटी में स्वीमिंग पूल, पार्क का निर्माण स्वीकृत नक्शा से अलग किया गया है, जबकि एक दीवार का निर्माण भी नहीं हुआ है। निवासियों का आरोप है कि बिल्डर ने ऐसा सोसाइटी के रखरखाव की जिम्मेदारी फिर से लेने के लिए किया है। अभी एओए के पास सोसाइटी का रखरखाव है। निवासियों का कहना है कि इस संबंध में प्राधिकरण को पत्र लिखा जाएगा। ताकि बिल्डर के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। वहीं, सोसाइटी के एक टावर के दो फ्लैटों में कॉमर्शियल गतिविधि चलने का भी मामला चल रहा है। प्राधिकरण कई बार नोटिस जारी कर चुका है। साथ ही फ्लैटों व अवैध निर्माण को सील भी किया जा चुका है। सील तोड़ने के आरोप में प्राधिकरण एफआईआर दर्ज कर चुका है। उसमें भी निवासियों ने प्राधिकरण पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया हैं।