छह साल बाद बिल्डर ने जुर्माने के साथ दिया कब्जा
-यूपी रेरा के कंसिलिएशन फोरम ने बीसीसी इंफ्रास्ट्रक्चर बिल्डर व एक खरीदार के बीच कराया समझौता
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश भूसंपदा विनियामक प्राधिकरण के कंसिलिएशन फोरम ने बीसीसी इंफ्रास्ट्रक्चर बिल्डर और उसके प्रोजेक्ट भारत सिटी-2 के एक खरीदार के बीच समझौता कराया है। बिल्डर से छह साल बाद खरीदार को फ्लैट पर कब्जा दिलाया है। साथ ही खरीदार को छह साल की देरी से कब्जा देने का जुर्माना भी मिला है।
खरीदार अजय कोहली ने वर्ष 2014 में बीसीसी इंफ्रास्ट्रक्चर बिल्डर के गाजियाबाद स्थित भारत सिटी-2 प्रोजेक्ट में घर खरीदा था, जिसकी कीमत 27.54 लाख रुपये थी। इसमें से खरीदार ने 26.14 लाख का भुगतान कर दिया। बिल्डर ने वर्ष 2017 में कब्जा देने का वादा किया था, लेकिन कब्जा नहीं दिया। परेशान होकर खरीदार ने वर्ष 2021 में यूपी रेरा में शिकायत की। यूपी रेरा की पीठ ने खरीदार के पक्ष में आदेश दिया, लेकिन बिल्डर ने उसका पालन नहीं किया। खरीदार ने आदेश का पालन कराने की अपील की। यूपी रेरा के कंसिलिएशन फोरम के अध्यक्ष आरडी पालीवाल ने बताया कि खरीदार की शिकायत पर सुनवाई की और दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से निस्तारण कराया। बिल्डर ने छह साल बाद फ्लैट पर कब्जा दिया। साथ ही देरी से कब्जा देने का जुर्माना भी दिया। जुर्माने का समायोजन बकाया धनराशि और एक साल का अग्रिम रखरखाव शुल्क में कराया गया है।