-पानी की आपूर्ति भी ठप, आरोपी के खिलाफ बिसरख कोतवाली में दर्ज कराई शिकायत
-लोगों का आरोप, मेंटेनेंस शुल्क देने के बाद भी नहीं मिल रहीं सुविधाएं
-तीन मई को आग लगने के बावजूद सोसाइटी में बचाव के नहीं हैं इंतजाम
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बिल्डर द्वारा बिजली सप्लाई काटने से नाराज ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित सेक्टर एक में कैपिटा एथेना के निवासियों का आक्रोश सोमवार को सतह पर आ गया। गुस्साए लोगों ने बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि सोसाइटी में सुविधाओं का अभाव है। विरोध करने पर बिल्डर ने कई घरों की बिजली काट दी। इससे पेयजल सप्लाई भी ठप हो गई। मामले में लोगों ने बिसरख कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है।
उन्होंने बताया कि आए दिन लिफ्ट में लोगों को फंसना पड़ रहा है। मेंटेनेंस की टीम की ओर से लगातार लापरवाही बरती जा रही है। तीन मई को एक फ्लैट में आग भी लग गई। उसको बुझाने तक के कोई इंतजाम नहीं थे। सोसाइटी में फायर सिस्टम काम नहीं करते हैं।निवासियों ने बताया कि सोसाइटी के गार्ड पर एक गेट भी गिर गया था। गार्ड को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मेंटेनेंस चार्ज लिया जा रहा है,लेकिन कोई भी सुविधा नहीं मिल रही है। कई बार सुरक्षा गार्ड उपलब्ध नहीं होते हैं। बिल्डर से मांग करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं होती है। कई बार बिल्डर द्वारा वेतन न दिए जाने के कारण सुरक्षा गार्ड और श्रमिकों ने विरोध प्रदर्शन किया है। निवासियों ने शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया, लेकिन बिल्डर ने उन्हें मजबूर करने के लिए कुछ निवासियों के घरों की लाइट काट दी। उन्होंने पानी की आपूर्ति भी बाधित कर दी। निवासियों ने बताया कि उन्होंने बिसरख कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है।