दूध कारोबारी के 10 लाख रुपये हड़पने के आरोप में जीजा-साले गिरफ्तार
आरोपी जीजा ने खुद को गोली मारकर फर्जी लूट की कहानी बनाई थी
संवाद न्यूज एजेंसी
दनकौर। कोतवाली पुलिस ने दूध कारोबारी के 10 लाख रुपये हड़पने के आरोप में जीजा-साले को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी जीजा ने लूट की फर्जी कहानी बनाते हुए खुद को गोली मारकर घायल भी कर लिया। ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी जीजा से पूछताछ की तो उसने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 लाख रुपये, 2 तमंचा, 2 कारतूस और दो गाड़ी भी बरामद की है। दिल्ली निवासी जितेंद्र शर्मा दनकौर में दूध का कारोबार करते हैं। उन्होंने बताया कि 21 अगस्त को डेरी पर काम करने वाले फिरोजाबाद निवासी उमेश को 10 लाख रुपये देकर अपने घर भेजा था। उसी रात उमेश के भाई ने कॉल करके बताया कि उसके भाई को बदमाशों ने यमुना एक्सप्रेसवे पर गोली मारकर 10 लाख रुपये की रकम लूट ली है, जिसका ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में इलाज चल रहा है। जितेंद्र शर्मा भी उमेश से मिलने अस्पताल पहुंचे। शक हुआ कि उसके साथ लूट नहीं हुई बल्कि रकम का गबन उसने ही किया है। बुधवार रात को कोतवाली पुलिस से मामले की शिकायत की। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर उमेश से पूछताछ की तो बताया कि उसने फिरोजाबाद निवासी साले पवन के साथ मिलकर लूट की फर्जी कहानी बनाई थी।
वर्जन
दूध कारोबारी के 10 लाख रुपये की रकम हड़पने के आरोप में जीजा-साले को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी जीजा ने खुद को गोली मारकर फर्जी लूट की कहानी बनाई थी। - अरविंद कुमार, एसीपी