कई इलाकों में 400 को पार कर गया वायु गुणवत्ता सूचकांक
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी नई दिल्ली। राजधानी में शनिवार को हवा बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई। सुबह की शुरुआत धुंध और हल्के कोहरे से हुई। इस दौरान औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 386 दर्ज किया गया। हालांकि, इसमें शुक्रवार की तुलना में एक सूचकांक की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, कई इलाकों में एक्यूआई में 400 को पार कर गया।
एनसीआर में ग्रेटर नोएडा की हवा सबसे अधिक प्रदूषित रही। यहां एक्यूआई 418 दर्ज किया गया जो गंभीर श्रेणी है। गुरुग्राम में 304, गाजियाबाद में 392 और नोएडा में 397 एक्यूआई दर्ज किया गया। इसके अलावा फरीदाबाद की हवा सबसे साफ रही। यहां एक्यूआई 263 दर्ज किया गया जो खराब श्रेणी है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) का पूर्वानुमान है कि सोमवार को हवा गंभीर श्रेणी में रह सकती है।