ग्रेटर नोएडा (संवाद)। मेरठ में आयोजित होने वाली प्रदेशीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए बृहस्पतिवार को गौतमबुद्ध नगर में जिला स्तरीय ट्रायल का आयोजन किया गया। ट्रायल में शानदार प्रदर्शन करने वाले चार बॉक्सरों का चयन मेरठ मंडलीय ट्रायल के लिए हुआ है।
प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली ने बताया कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय के जन्म शताब्दी के अवसर पर मेरठ के क्षेत्रीय खेल कार्यालय में 13 से 16 अक्तूबर तक प्रदेशीय सीनियर पुरुष बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए बृहस्पतिवार को ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिला स्तरीय ट्रायल में 48-51 किग्रा भार वर्ग में रवि, 63-67 किग्रा में अतुल, 67-71 किग्रा में आदर्श, 92 से अधिक किग्रा भार वर्ग में सूरज ने बेहतर प्रदर्शन किया। इन बॉक्सरों का चयन मेरठ के कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में दस अक्तूबर को होने वाले मंडलीय ट्रायल के लिए हुआ है। जिला स्तरीय ट्रायल का आयोजन कोच ज्योति नागर की देखरेख में किया गया।