अल्मोड़ा। जिले के धौलादेवी विकासखंड के देवलीबगड़, मलाण से स्वास्थ्य विभाग की टीम की ओर से लिए गए ब्लड सैंपलों में से तीन सैंपल की रिपोर्ट आ गई है। तीन मरीजों में टाइफाइड फीवर की पुष्टि हुई है। आठ सैंपल की रिपोर्ट शीघ्र आने वाली है।
स्वास्थ्य विभाग की चार अलग-अलग टीमों ने बीते रविवार को देवलीबगड़, विवड़ी, धुराटाक, मलाण, खेती गांवों का भ्रमण किया था। इस दौरान टीम में शामिल स्वास्थ्य कर्मियों ने 11 मरीजों के ब्लड सैंपल लिए थे। इन सैंपलों को जांच के लिए मेडिकल कॉलेज अल्मोड़़ा भेजा गया था। सोमवार को ब्लड सैंपल की रिपोर्ट आई तो चौंकाने वाली बात सामने आई। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि मेडिकल कॉलेज भेजे गए खून के नमूनों की रिपोर्ट के मुताबिक तीन मरीजों में टाइफाइड फीवर की पुष्टि हुई है। सीएमओ डॉ. नवीन चंद्र तिवारी ने बताया कि शेष आठ ब्लड सैंपल की रिपोर्ट भी जल्द आने वाली है। उन्होंने लोगों को दूषित खाने और पानी से बचने की सलाह दी। कहा कि स्वच्छ खाने और पानी का सेवन करें।
मेडिकल कैंप लगाकर मरीजों का किया स्वास्थ्य परीक्षण
स्वास्थ्य विभाग की दो टीमों ने सोमवार को धौलादेवी के प्रभावित गांवों का दौरा किया। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. कमलेश जोशी के नेतृत्व में अल्मोड़ा से गई स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नैनी, जागेश्वर, पनुवानौला, तापनी गांवों का दौरा किया। गांवों में मेडिकल कैंप लगाकर मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। टीमों ने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। किसी भी तरह की दिक्कत होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर जांच कराने की सलाह दी। कहा कि बिना चिकित्सक के किसी भी प्रकार की दवा का सेवन न करें। टीम में सीएमओ डॉ. नवीन चंद्र तिवारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. योगेश पुरोहित आदि शामिल रहे। इधर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौलादेवी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. बीबी जोशी के नेतृत्व में गई टीम में डॉ. सीएस बोरा, सीएचओ, एएनएम, आशा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पनुवानौला और नैनी स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण
जागेश्वर (अल्मोड़ा)। सीएमओ डॉ. एनसी तिवारी और चिकित्सकों की टीम वायरल संक्रमित गांवों में पहुंची। ग्रामीणों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया और दवा वितरित की गई। इसके बाद सीएमओ ने पनुवानौला और नैनी स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया और स्थानीय स्वास्थ्य कार्मिकों से जरूरी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मरीजों से भी बातचीत की और क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ. योगेश पुरोहित, डॉ. कमलेश उपाध्याय, फार्मासिस्ट गोपाल दत्त जोशी, नर्स प्रियंका आदि रहीं।