इमलिया क्षेत्र में मौके मौजूद वन विभाग की टीम व ग्रामीण।
इमलिया सुल्तानपुर (सीतापुर)। मतदाताओं का सर्वे करने जा रहे बीएलओ बाघ देखकर खौफजदा हो गए। बाघ को देखकर बाइक दौड़ाकर वह गांव पहुंचे और ग्रामीणों को बताया। सूचना पर वन विभाग की टीम ने कॉम्बिंग की। साथ ही ग्रामीणों को सतर्क रहने को कहा। रेंजर ने पगचिह्न कुत्ते के होना बताया है।
विकास खंड ऐलिया के प्राथमिक विद्यालय मुस्तफाबाद द्वितीय में तैनात शिक्षक शोभित दीक्षित प्राथमिक विद्यालय मुस्तफाबाद प्रथम में बूथ लेवल ऑफिसर बनाए गए हैं। शोभित ने बताया कि शुक्रवार दोपहर बाद सर्वे करने के लिए वह मुस्तफाबाद गांव जा रहे थे। रास्ते में जिंद बाबा स्थान के निकट सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में बाघ दिखा। बाघ को अपनी ओर आता देख उन्होंने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी। इसके बाद बाघ गन्ने के खेत में चला गया। मुस्तफाबाद गांव पहुंचकर घबराए शिक्षक ने प्रधान पुत्र जसवीर व अन्य ग्रामीणों को जानकारी दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पगचिह्न देखकर वन विभाग को सूचना दी।
मौके पर पहुंची विभाग की टीम ने कॉम्बिंग की और पगचिह्नों की जांच कर ग्रामीणों को सतर्क किया। वन विभाग के इस रवैये से ग्रामीणों में आक्रोश है। रेंजर बीनू पाल ने बताया कि टीम मौके पर भेजी गई थी। पगचिह्न कुत्ते के लग रहे हैं।