नोएडा(संवाद)। किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू टिकैत) लगातार प्रयासरत है। यूनियन के जिला अध्यक्ष अशोक भाटी ने बताया कि 20 सितंबर को नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. लोकेश एम के साथ किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं पर अहम बैठक होगी। इस बैठक में भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत भी शामिल होंगे।
अशोक भाटी ने बताया कि बृहस्पतिवार को चौधरी गौरव टिकैत और सीईओ के बीच हुई बैठक में कुछ मुद्दों पर सकारात्मक सहमति बनी थी। शेष विषयों पर 20 सितंबर को भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत के नेतृत्व में पुनः विस्तृत चर्चा की जाएगी। भाटी ने बताया कि 19 सितंबर को प्राधिकरण पर होने वाली महापंचायत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन के चलते स्थगित कर दी गई थी। अब 20 सितंबर को किसानों की समस्याओं को लेकर सीईओ और अन्य अधिकारियों के साथ भाकियू की वार्ता होगी।