प्रदर्शन करते भाकियू के पदाधिकारी और कार्यकर्ता
- फोटो : अमर उजाला
ग्रेटर नोएडा में भाकियू के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को सूरजपुर थाने पर पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया। पीड़िता ने ससुराल पक्ष पर गाली गलौज और मारपीट का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस पर भी अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार सलारपुर निवासी हरिकिशन भगत की पुत्री संगीता की शादी करीब 20 वर्ष पहले यतेंद्र नागर निवासी लकलावानी के साथ हुई थी। दंपत्ति का एक 14 वर्षीय बेटा है। बेटे की तबीयत खराब होने के कारण उसे बरौला सेक्टर 49 स्थित न्यू हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उपचार के बाद जब गुरुवार को बच्चे को अस्पताल से छुट्टी मिली तो परिजन उसे लेकर घर पहुंचे। आरोप है कि घर पहुंचने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने घर का दरवाजा बंद कर लिया और उसके साथ गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर उसे धमकाया गया। इस दौरान पीड़िता ने अपने मायके पक्ष को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर जब मायके से परिजन मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी बदसलूकी की गई और मारपीट करने के लिए पीछे दौड़ाया गया। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी। इसके बाद मामला सूरजपुर थाने पहुंचा। पीड़िता का आरोप है कि वहां भी पुलिस ने अभद्र व्यवहार किया और उन्हें जबरन बैठाकर रखा। दिनभर न्याय के लिए भटकने के बाद पीड़ित परिवार ने भारतीय किसान यूनियन से संपर्क किया।
सूचना मिलते ही भाकियू के एनसीआर अध्यक्ष परविंदर अवाना, जिलाध्यक्ष अशोक भाटी, दादरी जिलाध्यक्ष मनोज मावी, संजय फौजी और नवल प्रधान समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सूरजपुर थाने पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया और पीड़िता को न्याय दिलाने तथा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन की सूचना मिलने पर एसीपी राजीव कुमार गुप्ता और एसएचओ विनोद कुमार मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। भाकियू जिलाध्यक्ष अशोक भाटी का कहना है कि जब तक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, तब तक धरना जारी रहेगा।