महापंचायत से पहले भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष हाउस अरेस्ट
लखनऊ में होने वाली महापंचायत में शामिल होने जा रहे थे पदाधिकारी
किसानों ने घर में ही एसडीएम को अपना मांगपत्र सौंपकर बताई समस्या
संवाद न्यूज एजेंसी
रबूपुरा। भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष और जिलाध्यक्ष को पुलिस ने सोमवार को हाउस अरेस्ट कर लिया। किसान यूनियन के पदाधिकारी लखनऊ में 17 फरवरी को होने वाली महापंचायत में शामिल होने के लिए रवाना होने वाले थे।
इससे पहले कि किसान रवाना होते पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और उन्हें रोक लिया। किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर भाकियू लोकशक्ति ने लखनऊ में महापंचायत की घोषणा की थी। किसान इसके लिए पिछले कई सप्ताह से तैयारी कर रहे थे और सोमवार को बड़ी संख्या में पदाधिकारी रवाना होने वाले थे। इससे पहले ही सोमवार को एसडीएम जेवर दुर्गेश सिंह, कोतवाली प्रभारी श्याम बाबू शुक्ला, चौकी प्रभारी आशीष यादव राष्ट्रीय अध्यक्ष श्योराज सिंह के घर पहुंचे और उन्हें हाउस अरेस्ट कर लिया। उनके साथ जिलाध्यक्ष अमित गौड़ और अन्य पदाधिकारियों को भी लखनऊ जाने से रोका गया। जिसके बाद किसानों ने रबूपुरा में ही अपना मांगपत्र अधिकारियों को सौंपा और सरकार के सामने विभिन्न मांगे रखीं। वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष श्योराज सिंह ने कहा कि लखनऊ में होने वाली महापंचायत रोकी नहीं जाएगी। अन्य पदाधिकारी लखनऊ में महापंचायत करेंगे और किसानों की आवाज उठाएंगे।