नोएडा। नोएडा-ग्रेटर नोएडा व यमुना एक्सप्रेस-वे पर रविवार सुबह रेस लगाने आए 20 बाइकर्स को ट्रैफिक पुलिस ने बॉर्डर से वापस दिल्ली भेजा। ट्रैफिक पुलिस की टीमें चिल्ला, डीएनडी और कालिंदीकुंज बॉर्डर पर तैनात थीं। इन बाइकर्स को दोबारा आने पर कार्रवाई की चेतावनी भी ट्रैफिक पुलिस की तरफ से दी गई। छुट्टी वाले दिन दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले बाइकर्स नोएडा-ग्रेनो व यमुना एक्सप्रेस-वे पर समूह में रेस लगाने आते हैं। तेज आवाज और रफ्तार वाली इन बाइक से कई बार हादसे भी हो चुके हैं। इसको देखते हुए ट्रैफिक पुलिस पिछले एक साल से इनको वापस भेज रही है। डीसीपी ट्रैफिक डॉ प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि बाइकर्स को बॉर्डर से ही वापस भेज दिया गया। यह चेतावनी दी भी गई कि दोबारा आने पर कार्रवाई की जाएगी।