भाजपाई कृषि कानूनों के समर्थन में कल रखेंगे उपवास
नूंह/फिरोजपुर झिरका। सतलुज यमुना लिंक (एसवाईएल) के पानी की मांग और कृषि कानूनों के समर्थन में नूंह जिले के भाजपा कार्यकर्ता शनिवार (कल) उपवास रखेंगे। जिला मुख्यालय स्थित गांधी पार्क में होने वाले उपवास कार्यक्रम की सफलता के लिए बृहस्पतिवार को भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र पटेल ने फिरोजपुर झिरका में कार्यकर्ताओं साथ बैठक कर रूपरेखा तैयार की।
आर्यसमाज मंदिर में हुई बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष नरेंद्र पटेल ने कहा एसवाईएल का पानी हरियाणा के किसानों की जरूरत है। लेकिन पंजाब सरकार, हरियाणा को उसका हक नहीं दे रही है। एसवाईएल का पानी उपलब्ध कराने और कृषि कानूनों के समर्थन में नूंह भाजपा ने जिला स्तरीय उपवास कार्यक्रम की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा लाए गए कृषि कानूनों को लेकर कुछ राजनीतिक दलों द्वारा बेवजह का हल्ला मचाया जा रहा है। जबकि सच्चाई यह है कि नए कानून किसानों के हित में हैं। उपरोक्त तीनों कानूनों से किसानों की दशा और दिशा बदलने वाली है। किसानों की आमदनी भी बढ़कर दो गुना हो जाएगी। उन्होंने बताया कि केंद्र के कृषि कानूनों के समर्थन में व एसवाईएल की मांग को लेकर भाजपा के कार्यकर्ता जिला स्तर एवं विधानसभा स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर किसानों के बीच जाएंगे। मीडिया प्रभारी मनीष जैन ने बताया कि उपवास कार्यक्रम के पश्चात 20 से 30 दिसंबर तक कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. महेंद्र गर्ग, जिला उपाध्यक्ष राजकुमार गर्ग, व्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष सुनील जैन, जिला मीडिया प्रभारी मनीष जैन, पूर्व प्रधान अर्जुन देव चावला, हरीश नागपाल आदि मौजूद रहे।