आप मुख्यालय पर दिवाली मिलन समारोह में बोले पूर्व सीएम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को कहा कि भाजपा सरकार ने मात्र छह महीने में दिल्ली को बर्बाद कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में सड़कें जर्जर हो गई हैं। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। सीवर ओवरफ्लो हो रहे हैं। अस्पतालों में दवाइयां तक नहीं मिल रही हैं।
पार्टी मुख्यालय पर आयोजित दिवाली मिलन समारोह में केजरीवाल ने कहा कि हमने दस साल में बड़ी मेहनत से दिल्ली को संवारा था लेकिन भाजपा सरकार ने आते ही सब चौपट कर दिया। अब दिल्लीवाले हजारों रुपये के बिजली और पानी के बिल भर रहे हैं जबकि कई जगहों पर पानी आना ही बंद हो गया है। वसंत विहार जैसे इलाकों में पानी की कमी से मॉल बंद होने की नौबत आ गई है। भाजपा के शासन में साफ-सफाई की हालत इतनी खराब है कि राजधानी के कई हिस्सों में कूड़ा उठना ही बंद हो गया है। लोग अब खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।