-डॉप्लर रडार पक्षियों को रखेगा दूर, टकराने से अक्सर फ्लाइट्स हो जाती हैं रद्द
-सिस्टम के प्रभाव से हवाई अड्डे के आसपास नहीं मडराएंगे पक्षी
काव्यांश मिश्रा
यमुना सिटी। नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एक और बड़ी तकनीकी सुविधा से लैस हो गया है। एयरपोर्ट परिसर में अत्याधुनिक डॉप्लर रडार सिस्टम स्थापित किया गया है। जो उड़ान के दौरान विमानों के लिए सबसे बड़ी चुनौती माने जाने वाले बर्ड स्ट्राइक से सुरक्षा सुनिश्चित करेगा। रडार की मदद से रनवे के आसपास के उड़ने वाले पक्षियों को दूर किया जाएगा।
हवाई अड्डाें पर उड़ान भरते या उतरते समय अकसर विमान से पक्षी टकरा जाते हैं। ऐसे हादसे यात्रियों के लिए खतरनाक तो साबित होते ही हैं बल्कि एयरलाइंस को भी नुकसान पहुंचाते हैं। पक्षी टकराने से इंजन और विंग्स में खराबी आने के कारण कई बार उड़ान रद्द कर दी जाती हैं। नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर इस परेशानी से राहत मिलेगी। क्योंकि नोएडा एयरपोर्ट पर आधुनिक तकनीक से लैस डॉप्लर रडार सिस्टम स्थापित किया गया है, जो पक्षियों को हवाई जहाज से दूर रखेगा। खास बात ये है कि पक्षियों को रडार से किसी प्रकार की चोट नहीं आएगी। रडार सिस्टम के निकलने वाले सिग्नल ड्रोन को सक्रिय करेंगे। ये ड्रोन उड़ान मार्ग के आसपास से पक्षियों को दूर कर देंगे। इससे विमान के टेकऑफ और लैंडिंग के समय किसी भी प्रकार के अवरोध की संभावना नहीं रहेगी।
-
बर्ड स्ट्राइक की विश्व भर में प्रति वर्ष तीस हजार से अधिक घटनाएं
उड़ान सेवाएं दिन ब दिन बेहतर होती जा रही हैं। अब ट्रेन के टिकट की कीमत में विमान में आम आदमी सफर कर सकते हैं। हालांकि एक समस्या लंबे समय से उड़ान में बाधा बनते आ रही है। इंटरनेशनल सिविल एसोसिएशन के अनुसार दुनियाभर में तीस हजार से अधिक मामले बर्ड हिट के दर्ज होते हैं। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के मुताबिक भारत में सालाना 1100 से 1300 के बीच विमान से पक्षी टकराने की घटना होती हैं।
-
पक्षी टकराने से इंजन में लग गई थी आग
बर्ड स्ट्राइक यानी पक्षी टकराने की घटना विमान के लिए बेहद खतरनाक साबित होती हैं। इससे बड़ा हादसा भी हो चुके हैं। वर्ष 2023 में अहमदाबाद से जयपुर जा रहे विमान के टेकऑफ के दौरान पक्षी टकराने से इंजन में आग लग गई थी। जिसके बाद उड़ान रद्द करनी पड़ी। वर्ष 2017 में आईजीआई एयरपोर्ट पर भी पक्षी टकराने के कारण आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी थी।
-
वर्जन
नोएडा एयरपोर्ट पर डॉप्लर रडार सिस्टम लगाया गया है, जो पक्षियों को विमान से दूर रखने में मदद करेगा। रडार से मिलने वाले सिग्नल से ड्रोन एक्टिव होंगे जो पक्षियों को दूर भगाएंगे। रडार के कारण विमान सफलतापूर्वक उड़ान भर व उतर सकेगा।
प्रवक्ता, नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट