स्थानीय लोगों का आरोप, अव्यवस्थाओं के चलते पहले दिल्ली के सरकारी अस्पताल में जाने को देते हैं प्राथमिकता
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। मामूरा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में लैब के बाहर कई दिनों से बायोमेडिकल वेस्ट सड़ रहा है। इससे संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है। इस्तेमाल की गई सिरिंज, ड्रेसिंग मटेरियल, ब्लड पाइप और ग्लव्स पॉलीथिन में भरकर खुले में रखे हुए हैं।
स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों का कहना है कि वेस्ट उठाने वाली कंपनी को कई बार फोन किया गया है लेकिन हर बार कंपनी संविदा खत्म होने का हवाला देकर आज-कल में आने की बात कहती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि केंद्र में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप पड़ी है।
ट्रेनर के भरोसे चल रही फार्मेसी
मरीजों ने बताया कि फार्मेसी अधिकतर समय ट्रेनर के भरोसे ही चलती है। शुक्रवार को भी फार्मेसी पर स्थायी फार्मासिस्ट की जगह ट्रेनर ही दवाइयां दे रहा था। एक मरीज ने बताया कि यहां पर दवा वितरण में लापरवाही बरती जाती है। कई लोगों ने इसका विरोध भी किया है।
हेल्थ एटीएम से हो रही आधी-अधूरी जांच
स्वास्थ्य केंद्र में हेल्थ एटीएम तो लगा है लेकिन उससे सभी जांच नहीं की जा रही हैं। फिलहाल केवल शुगर, ब्लड प्रेशर और वजन जैसी सामान्य जांच ही हो रही हैं। अन्य मरीजों को जिला अस्पताल भेजा जा रहा है। मरीजों ने बताया कि इसलिए हम लोग दिल्ली के अस्पताल में जाकर ही इलाज कराने को प्राथमिकता देते हैं।
कमरे में बंद है जागरूकता सामग्री
जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए शासन स्तर से समय-समय पर स्वास्थ्य कार्यक्रमों के पोस्टर और सामग्री भेजी जाती है लेकिन केंद्र में ये सभी सामग्री एक कमरे में बंद पड़ी हैं। इसी कमरे में पालना भी रखा गया है। इन पर मिट्टी की परत चढ़ गई है। परिसर में ही कुत्ते घूम रहे हैं।
-
अक्सर इलाज के लिए आती हूं लेकिन फायदा नहीं मिलता। अब हाथों में दर्द बढ़ गया है इसलिए दोबारा आना पड़ा है। -शकुंतला
मैं दिल्ली के सरकारी अस्पताल में दिखाती हूं। जब वहां नंबर नहीं मिलता तभी यहां आती हूं। डॉक्टर ठीक से देखते तक नहीं।-अनीता