बायोडायवर्सिटी में नवग्रह और भगत सिंह पार्क में शहादत को जान सकेंगे
नोएडा। सेक्टर-91 के बायोडायवर्सिटी पार्क और सेक्टर-150 में शहीद भगत सिंह पार्क को 30 अक्तूबर तक जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। प्राधिकरण के अधिकारियों ने 25 से 30 अक्तूबर के बीच लोकार्पण की संभावना जताई है। ओएसडी इंदु प्रकाश सिंह का कहना है कि दोनों पार्कों में अंतिम चरण का काम चल रहा है। इसके लिए औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना को आमंत्रित किया जा रहा है। जल्द ही लोकार्पण की तय तिथि की घोषणा कर दी जाएगी।
जैविक पौधे लगाए गए
बायोडायवर्सिटी पार्क करीब 75 एकड़ में फैला है। पार्क में कई प्रकार के जैविक पौधे लगाए गए हैं। परियोजना की लागत करीब 35 करोड़ रुपए आई है। यहां भी एम्फीथियेटर, बैठने के लिए जगह, लोगों के लिए पैदल पथ और कई अन्य प्रकार की सुविधाएं मिलेंगी। बगल में ही औषधि पार्क है। इसके शुरू होने से दोनों पार्कों का आनंद लिया जा सकता है। यहां नवग्रह बनाए जा रहे हैं। इनके माध्यम से लोगों को नवग्रह की विशेषताएं बताईं जाएंगी।
भगत सिंह की प्रतिमा लगी
शहीदों व स्वतंत्रता सेनानियों की याद में शहीद भगत सिंह पार्क का निर्माण किया गया है। एक स्मारक प्रांगण, शहीद भगत सिंह की 12 फुट की प्रतिमा, सुखदेव व राजगुरु के स्मारक स्तंभ एवं शिलालेख और शहीद वाटिका भी बनाई जा रही है। भगत सिंह की प्रतिमा प्रसिद्ध मूर्तिकार रामसुतार ने बनाई है। तिरंगे फूलों वाले पौधों की प्रजातियों को लगाया गया है। यहां जलाशय, जलपान प्रांगण, एम्फीथियेटर, बाल वाटिका, पार्किंग व्यवस्था व तीन किलोमीटर लंबा पैदल पथ व पौधे लगाए गए हैं। कहीं-कहीं यह पौधे वृक्ष बन चुके हैं। पार्क का क्षेत्रफल 28 एकड़ है। इसकी लागत करीब 23 करोड़ रुपए आई है। अधिकारियों ने बताया कि भगत सिंह की प्रतिमा स्थापित की जा चुकी है। प्रतिमा के पीछे भित्ति चित्र लगाने का काम चल रहा है। इस भित्ति चित्र में शहीद भगत सिंह के जीवन का वर्णन होगा।