तीन दिवसीय जोनल खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ
गोरखपुर। तीन दिवसीय जोनल खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन जय प्रकाश नारायण सर्वोदय बालिका विद्यालय अनंतपुर में किया गया। चार मंडलों की 9 टीमों ने हिस्सा लिया। प्रथम दिवस में 100, 200, 400 मीटर दौड़ और भाला फेंक की स्पर्धाएं हुईं। 100 मीटर दौड़ में बिंदिया, 200 मीटर में अंशिका, 400 मीटर में अंजलि पाल और भाला फेंक में सुधा राव विजेता रहीं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। पुरस्कार वितरण सहजनवां विधायक प्रदीप शुक्ला ने किया। विद्यालय प्रधानाचार्य डॉ. जितेंद्र कुमार शर्मा ने शिक्षकों, अतिथियों और प्रतिभागी छात्राओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर हेतिमपुर के प्रधानाचार्य राकेश कुमार, हरपुर के प्रधान मदन मुरारी गुप्ता, व्यायाम शिक्षक महेश प्रताप सिंह और विद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी उपस्थित रहे।