चंडौस-पिसावा मार्ग पर गांव सबलपुर के समीप शुक्रवार की तड़के बाइक फिसलने के बाद युवक की तेजगति से आ रही ईंटों से लदी ट्रैक्टर ट्रॉली से टकराकर मौत हो गई। युवक एक सगाई समारोह में भाग लेने के बाद अपने गांव वापस लौट रहा था।
गभाना क्षेत्र के हुरसेना गांव के मुकेश कुमार (39) के परिजनों ने बताया कि मुकेश वर्तमान में दिल्ली में रह रहे थे और यहां अपने जीजा नरेंद्र उर्फ पोला के यहां पिसावा क्षेत्र के गांव बसेरा के माजरा भदियार में एक सगाई समारोह में आए थे। शुक्रवार की सुबह तड़के बाइक से अपने गांव जा रहे थे, जैसे ही वह गांव सबलपुर के समीप पहुंचे, वहां किसी को बचाने के दौरान बाइक फिसल गई और इसी बीच तेजी से आ रहा ईंटों से लदा ट्रैक्टर बाइक से टक्करा गया। हादसे में मुकेश की मौके पर ही मौत हो गई और बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस बाइक और ट्रैक्टर को थाने ले आई है। घटना की तहरीर मृतक के जीजा ने थाने आकर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना से पत्नी राखी देवी व बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है। थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर मिल गई है, जांचकर कार्रवाई की जाएगी।
ट्रैक्टर ट्रॉलियों से गिरी मिट्टी से हो रही फिसलन
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में मिट्टी का खनन होने के चलते ट्रैक्टर चालक रोड पर काफी मात्रा में मिट्टी फैलाते रहते हैं। बूंदाबांदी होने के चलते सड़क पर फिसलन बन जाने के चलते बृहस्पतिवार को पूरे दिन वाहन फिसलते रहे। शुक्रवार को तड़के बाइक के फिसलने व ट्रैक्टर के टक्कर मारने के चलते युवक की मौत हुई है। इसके अलावा सड़क के दोनों ओर की पटरी पर काफी झाड़ियां हो गई हैं, इससे राहगीरों को हमेशा सड़क पर चलने के दौरान वाहन के टक्कर मारने का खतरा बना रहता है। लोगों की मांग है कि सड़क के दोनों ओर की पटरियों पर की साफ सफाई यथाशीघ्र कराई जाए।