गुन्नौर(संभल)। तहसील क्षेत्र के थाना धनारी के गांव भकरौली में शुक्रवार देर शाम खेत से ट्रैक्टर ट्राॅली में बाजरा के पुले भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली एक मकान की कच्ची दीवार से टकरा गई। इससे दीवार भरभरा कर गिर पड़ी। मलबे में दबकर दीवार से सट कर खड़े पांच बच्चे घायल हो गए। घायल बच्चों को गुन्नौर सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सक ने सभी को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया।
शुक्रवार की देर शाम सात बजे गांव भकरौली में छत्रपाल के घर के बराबर छत्रपाल और डालचंद्र के परिवार के बच्चे जयश्री (14), निशांत (13), गुड़िया (12), कार्तिक (02), जितेंद्र (08) खेल रहे थे। उसी समय पास ही खेत से आ रही बाजरा के पुले से लदी ट्रैक्टर ट्राॅली अचानक अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई। टक्कर से दीवार भरभरा कर गिर गई। मलबे में सभी पांचों बच्चे दब कर घायल हो गए। हादसा देख ग्रामीण और परिजन दौड़ कर मौके पर पहुंचे। सभी को गुन्नौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां से प्राथमिक उपचार देने के बाद सभी को हायर सेंटर रेफर कर दिया।